बलरामपुर जिले के कुसमी-चांदो मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब बरातियों से भरी बस निर्माणाधीन कंठी घाट की घुमावदार सड़क पर अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और महिला-बच्चों समेत लगभग 60 बराती घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बलरामपुर जिला अस्पताल और गंभीर रूप से घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जहां छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की चीख-पुकार सुनाई दी। चांदो थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। हादसे में महिला महंती कुजूर (27) और युवक मांदुर (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय ममेश बड़ा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बस की स्थिति और ओवरलोडिंग भी हादसे के कारणों में शामिल मानी जा रही है। जानकारों के अनुसार, बस की फिटनेस ठीक नहीं थी और उसमें 70 से 80 लोग सवार थे, जबकि उसकी क्षमता 50 से 55 यात्रियों की थी।घटना के बाद बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।
कंठी घाट पर सड़क निर्माण कई वर्षों से अधूरा है, जिससे यह मार्ग खतरनाक बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।

