ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले का प्रतिशोध लेने के लिए पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, लेकिन भारतीय डिफेंस सिस्टम ने उन्हें नष्ट कर दिया। इसके बाद भारत ने फिर से कार्रवाई की, जिससे पाकिस्तान ने सीजफायर का प्रस्ताव दिया, जिसे भारत सरकार और सेना ने अपनी शर्तों पर मंजूरी दी।
इस बीच, ऑपरेशन सिंदूर पर विवादित टिप्पणी करने वाले लोगों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। बेंगलुरू में पीएम मोदी के खिलाफ भड़काऊ वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने नवाज नामक युवक को गिरफ्तार किया। नवाज ने वीडियो में कहा था, “भारत और पाकिस्तान के सैनिकों के बीच संघर्ष के दौरान पीएम मोदी के घर पर बम क्यों नहीं गिर रहे हैं, वह सब फसाद की जड़ हैं। पाकिस्तान को मोदी के घर पर बम फेंकना चाहिए।” उसे बाद में बंदेपाल्या पुलिस ने जेल भेज दिया।
इसके अलावा, मुंबई में भी ऑपरेशन सिंदूर के संबंध में विवादित टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुर्ला क्षेत्र में एक 20 वर्षीय छात्र को सैन्य हमलों पर भारत विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक महिला ने व्हाट्सऐप पर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपशब्दों का प्रयोग किया और सरकार की लापरवाही पर सवाल उठाए, जिसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए नोटिस भेजा।

