बाइक सवार की कार टक्कर से मौत

राजधानी में शुक्रवार सुबह माढ़र-टेकारी रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक चालक कुश साहू (निवासी टेकारी) की मौत हो गई । मृतक दूध बेचने का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, कुश साहू रोज की तरह सुबह दूध सप्लाई करने के लिए निकला था। रास्ते में तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस बीच आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।



