देह व्यापार का खुलासा: सेक्स वर्कर की डायल 112 पर शिकायत के बाद 6 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर से आई एक सेक्स वर्कर महिला ने खुद होटल में चल रहे देह व्यापार की शिकायत पुलिस से की। दरअसल, तय रकम से कम पैसे मिलने पर महिला और दलाल के बीच विवाद हो गया। बहस के दौरान छेड़खानी की स्थिति बनने पर महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

महासमुंद। सरायपाली स्थित जय पैलेस होटल में चल रहे देह व्यापार के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला तब सामने आया जब रायपुर से आई एक सेक्स वर्कर महिला ने खुद होटल में चल रही गतिविधियों की शिकायत पुलिस से की।
महिला का आरोप था कि दलाल उसे तय रकम से कम पैसे दे रहे थे, जिसके चलते दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान चार लोगों ने महिला से छेड़छाड़ की, जिससे नाराज होकर उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को थाने लाकर पूछताछ की, जहां उसने पूरे रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने होटल पर छापा मारते हुए होटल संचालक अंकित पटेल सहित जयप्रकाश पटेल, भोपाल सिंह, चंदन कुमार, हरदीप सिंह और संतोष दास को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों पर मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
देह व्यापार गिरोह में होटल संचालक की अहम भूमिका
एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि होटल संचालक रायपुर से महिलाओं और युवतियों को बुलाकर देह व्यापार संचालित कर रहा था। इससे पहले भी होटल को लेकर ऐसी शिकायतें मिल चुकी थीं। पुलिस ने अब होटल संचालक की संपत्ति और गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश जारी है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।