चारामा। विकासखंड चारामा के लखनपुरी गांव में दो दिन पहले लापता हुए 8 वर्षीय बालक हरेश का शव सोमवार को गढ़ियापारा पहाड़ में मिला। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हरेश की हत्या उसी के नाबालिग दोस्त ने की थी। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, हरेश विश्वकर्मा (पिता – अशोक विश्वकर्मा), तीसरी कक्षा का छात्र था और शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे से लापता था। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने चारामा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
तफ्तीश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हरेश को आखिरी बार गांव के ही एक लड़के के साथ देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने सोमवार सुबह उस नाबालिग से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस के सख्त रवैए के बाद उसने स्वीकार किया कि उसने ही हरेश की हत्या की और शव को गढ़ियापारा पहाड़ में फेंक दिया।
पुलिस टीम, सरपंच और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी की निशानदेही पर पहाड़ से शव बरामद किया गया। शव दो दिन पुराना होने के कारण वहां तेज बदबू फैली हुई थी।
फिलहाल, पुलिस नाबालिग आरोपी से हत्या के कारणों की गहन पूछताछ कर रही है। घटना से गांव में शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं। हर कोई इस दिल दहला देने वाली वारदात से स्तब्ध है।

