बलौदाबाजार-भाटापारा: पुलिस ने आईपीएल 2025 क्रिकेट सीजन में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 15 सटोरियों को गिरफ्तार किया है, जो गोवा से इस सट्टे का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹8,15,000 मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए हैं और उनके बैंक खातों के दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
आरोपियों द्वारा ‘खेलो यार’, ‘आरबीसी 139’ और ‘वीनबज 7’ जैसे पैनलों के जरिए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा चलाया जा रहा था। यह गिरोह देशभर के विभिन्न शहरों में वितरित लॉगिन आईडी का इस्तेमाल कर सट्टा चला रहा था, जबकि गोवा को मुख्य ऑपरेशनल केंद्र बनाया गया था।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस को सट्टे के संचालन की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद अपराध क्रमांक 288/2025, धारा 07 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण से यह पुष्टि हुई कि सभी आरोपी गोवा से सट्टा चला रहे थे। इसके बाद साइबर सेल और भाटापारा थाना की टीम ने गोवा के बोगमालो क्षेत्र में छापा मारा, जहां आरोपियों को लाइव आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, टीवी, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ-साथ कई बैंक खातों के दस्तावेज भी जब्त किए हैं, जिनसे करोड़ों रुपये के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जानकारी सामने आई है।

