रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी पांच दिनों के दौरान दक्षिणी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बादलों की गरज और बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, अगले दो दिनों तक दिन के तापमान में विशेष परिवर्तन की उम्मीद नहीं है, तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा।
प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी दुर्ग में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश और उसके आसपास समुद्र तल से 1.5 से 7.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है।
इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम दिशा में फैला हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से लेकर उत्तर झारखंड तक फैला हुआ है। यह हवाओं का क्षेत्र उत्तरी-पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ में समुद्र तल से लगभग 900 मीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं के रूप में प्रभावी है।
गर्मी से मिली थोड़ी राहत
इन मौसमी परिस्थितियों के चलते दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिनों तक तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। रायपुर में भी गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

