दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को ‘सुशासन तिहार’ के तहत दंतेवाड़ा जिले के घोर नक्सल प्रभावित गांव मुलेर का दौरा किया। यह गांव एक समय नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता था, लेकिन अब वहां विकास और बदलाव की लहर बह रही है।
मुख्यमंत्री ने गांव के बीच स्थित एक इमली के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। वे खाट पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक अंदाज़ में महुआ और आम की पत्तियों से बने हार और गौर मुकुट पहनाकर स्वागत किया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट वितरित की। इसके अलावा उन्होंने गांव की राशन दुकान का भी निरीक्षण किया और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की स्थिति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजी अरुण देव गौतम और प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनज़र गांव में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी।

