कांगो नदी में सप्ताहांत में दो नौकाओं में हुई टक्कर में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य लोग लापता हैं। कांगो के स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प्रांत के गृह मंत्री क्रिस्पिन मपुतु के अनुसार, मोटर चालित लकड़ी की नौकाएं रविवार को इक्वेटर प्रांत के नगोम्बे-लुकोलेला इलाके के पास एक-दूसरे से टकरा गईं। टक्कर के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है। मंत्री ने ‘एपी’ को बताया कि हादसे में मारे गए 30 लोगों को पहले ही दफना दिया गया है।
मपुतु ने बताया कि एक नौका उत्तर-पश्चिम में उबांगी से राजधानी किंशासा जा रही थी, जबकि दूसरी किंशासा से लुकोलेला जा रही थी जो टक्कर की जगह से काफी पास है। उन्होंने बताया कि अन्य पीड़ितों तथा जीवित बचे लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

