बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर स्थित राजीव कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद दीपक बैज ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम हो चुकी है और जनता को अब महसूस हो गया है कि भाजपा ने वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस सरकार को सबक सिखाना होगा।
बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बस्तर की खनिज संपदा को निजी उद्योगपतियों को बेचने में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि एनएमडीसी, जो एक सरकारी उपक्रम है, बेहतर काम कर रही है, लेकिन भाजपा इसके नाम पर खनिज संपदा निजी हाथों में देने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने आर्सलर और रूंगटा समूह को खदान बेचने की तैयारी कर ली है, जो कांग्रेस की आशंका सही साबित हो गई।
उन्होंने कहा कि देश में युद्धविराम हो चुका है, लेकिन अमेरिका के दबाव में सरकार झुक गई है, जिससे जनता हैरान है कि देश के फैसले अमेरिका कैसे ले सकता है। इस संदर्भ में कांग्रेस हर जिले में संविधान बचाओ यात्रा निकालेगी।
बैज ने बताया कि इंद्रावती नदी सूख चुकी है, और चित्रकोट जगदलपुर के लगभग 40 किलोमीटर के लोगों को पानी उपलब्ध कराना चाहिए। कांग्रेस के दबाव की वजह से ही इंद्रावती को बचाया जा सका है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस शासनकाल में जिले के दस हजार से अधिक आदिवासियों ने नंदराज पहाड़ को बिकने से बचाया था और सरकार को किसी भी तरह की गलतफहमी से बचना चाहिए।
उन्होंने हाल ही में हुई करेगुटा नक्सली घटना पर भी संदेह जताया और कहा कि सरकार इस मामले में कुछ छिपा रही है। जीरम घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए, लेकिन केंद्र सरकार और एनआईए ने इस मामले को प्राथमिकता नहीं दी और पारदर्शिता भी नहीं बरती। उन्होंने कहा कि इस घटना को दबाने की कोशिश की जा रही है।

