BREKING NEWS

पबजी खेलना बना जानलेवा, हेडफोन लगाकर खेल रहा था गेम हाई BP से दिमाग की नस फट गई, हुई मौत

 मेरठ: उत्‍तर प्रदेश के मेरठ में युवक मोहम्मद कैफ की पबजी गेम खेलते समय अचानक दिमाग की नस फट गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों की माने तो वह दोनों कानों में हेडफोन लगाकर कर गेम खेल रहा था। इसी दौरान बीपी हाई होने से उसके दिमाग की नस फट गई थी। दिल्ली में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खैरनगर इलाके में रहने वाले लोगों ने बताया कि कैफ घर पर दोनों कानों में हेडफोन लगाकर ऑनलाइन गेम खेल रहा था। इस दौरान अचानक उसे तेज सिरदर्द हुआ और वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजन घबरा गए और बिना देर किए उसे पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को कैफ ने दम तोड़ दिया। रविवार की देर शाम ईदगाह कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

300 से ऊपर पहुंच चुका था कैफ का ब्‍लड प्रेशर

परिजनों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय कैफ का ब्लड प्रेशर 300 से ऊपर पहुंच चुका था। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि अत्यधिक हाई बीपी के कारण ही ब्रेन हैमरेज हुआ, जिससे दिमाग की नस फट गई। यही उसकी मौत की मुख्य वजह बनी।

10 साल से कैफ को थी ब्‍लड प्रेशर की समस्‍या

प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले कैफ के पिता फारूक ने बताया कि उनके बेटे को यह समस्या नई नहीं थी। करीब 10 साल पहले भी कैफ को हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत हुई थी और उसका इलाज चल रहा था। हालांकि रोजमर्रा की जिंदगी में वह सामान्य दिखता था और पिता के काम में भी हाथ बंटाता था। परिवार को अंदाजा नहीं था कि यह बीमारी इतनी खतरनाक मोड़ ले सकती है।

क्‍या बोले डॉक्टर तनुराज सिरोही

इस मामले में MD फिजिशियन डॉक्टर ने बताया कि लगातार तनाव, तेज आवाज में हेडफोन का इस्तेमाल और लंबे समय तक स्क्रीन के सामने रहने से पहले से मौजूद बीमारियां और ज्यादा गंभीर हो सकती हैं। खासकर जिन लोगों को हाई बीपी, दिल या दिमाग से जुड़ी समस्या रही हो, उन्हें ऐसी गतिविधियों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button