ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पीएम मोदी ने आदमपुर एयरबेस पर जाकर सेना के जवानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जवानों के साहस और शौर्य को सलाम किया। इससे पहले, पीएम मोदी ने सोमवार रात को देश को संबोधित करते हुए कहा था कि हमारी सेना ने अपना मिशन पूरा किया है और आतंकवादियों को समाप्त करने के लिए उन्हें पूरी छूट दी गई है।
पीएम मोदी ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि यदि पाकिस्तान ने अपने यहां आतंकियों को पनाह देना बंद नहीं किया, तो उसे इसका और गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत का रुख बिल्कुल स्पष्ट है: “टेरर और टॉक एक साथ नहीं हो सकते, टेरर और ट्रेड साथ नहीं चल सकते, और खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो वह केवल आतंकवाद पर होगी और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) पर होगी।

भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत 6-7 मई की रात पाकिस्तान और PoK में आतंकवादियों के 9 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इस स्ट्राइक में कई आतंकवादी मारे गए, लेकिन भारत ने यह स्पष्ट किया कि इस हमले में पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों या नागरिकों को कोई नुकसान नहीं हुआ। इसे पहलगाम आतंकी हमले के बाद की प्रतिक्रिया के रूप में अंजाम दिया गया।

