
मुख्य बातें
- डीके शिवकुमार के बयान पर राज्यसभा में जोरदार हंगामा।
- नड्डा का आरोप – कांग्रेस ने संविधान का उल्लंघन किया।
- खरगे बोले – कोई संविधान नहीं बदल सकता।राज्यसभा में मुस्लिम आरक्षण पर जोरदार हंगामा, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
कर्नाटक में सरकारी ठेकों में मुसलमानों को आरक्षण देने के फैसले पर सोमवार को राज्यसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसे संविधान बदलने की साजिश करार देते हुए कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पलटवार करते हुए कहा कि कोई संविधान को नहीं बदल रहा, बल्कि कांग्रेस ही उसकी संरक्षक है। भाजपा सांसदों के विरोध और शोरगुल के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
खरगे का जवाब – आरक्षण कोई खत्म नहीं कर सकता
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को कोई नहीं बदल सकता और न ही आरक्षण को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसे बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा की, जबकि भाजपा देश को तोड़ने का काम कर रही है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मुस्लिम आरक्षण की वकालत कर वह संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचा रही है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर कांग्रेस में हिम्मत है तो कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से इस्तीफा मांगे।#WATCH | As ruckus breaks out in Rajya Sabha over Karnataka Deputy CM DK Shivakumar’s reported remarks on Constitution, LoP and Congress chief Mallikarjun Kharge says, “…Nobody can change the Constitution drafted by Babasaheb Ambedkar. Nobody can finish the reservation. To… pic.twitter.com/JbKXkOHL2U
— ANI (@ANI) March 24, 2025
भाजपा का हमला – कांग्रेस फिर कर रही देश के बंटवारे की साजिश
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसका असली चरित्र अब उजागर हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीके शिवकुमार गांधी परिवार के बेहद करीबी हैं और कांग्रेस देश को धर्म के आधार पर फिर से बांटने की कोशिश कर रही है। पात्रा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने अपनी महत्वाकांक्षाओं के लिए देश का बंटवारा किया था, और अब राहुल गांधी भी अपनी राजनीतिक असफलताओं को छुपाने के लिए इसी राह पर चल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस संविधान को बदलकर मुस्लिम आरक्षण को वैध करने की कोशिश कर रही है, जबकि बाबा साहेब अंबेडकर इसके पूरी तरह खिलाफ थे। पात्रा ने चेतावनी दी कि भारत इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।