भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों तक चली सैन्य टकराव के बाद फिलहाल शांति का माहौल कायम है। भारत की सशस्त्र सेनाओं ने पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों और एयरबेस को निशाना बनाकर तेज और प्रभावी कार्रवाई की, जिससे पाकिस्तान को बड़ी क्षति उठानी पड़ी। इसके बाद पाकिस्तान ने शांति स्थापित करने की अपील की, जिस पर भारत ने 10 मई को सीजफायर स्वीकार किया। इस बीच, दुनियाभर के देशों ने दोनों देशों के बीच इस संघर्ष विराम का स्वागत किया है। वहीं, अब सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भी भारत-पाकिस्तान सीजफायर पर अपना पहला बयान जारी किया है।
सऊदी सरकारी एजेंसी के अनुसार, खाड़ी सहयोग परिषद की बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य नेताओं को संबोधित करते हुए क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने कहा, “हम पाकिस्तान और भारत के बीच संघर्ष विराम को स्वागत करते हैं। उम्मीद है कि यह दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और शांति बहाल करने में मदद करेगा।”
सीजफायर की पृष्ठभूमि देखें तो, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इसके जवाब में भारत ने आतंकवादी ठिकानों को तबाह कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक मिसाइल, ड्रोन और फाइटर जेट के जरिए हमले किए, लेकिन भारतीय सेना ने सभी प्रयासों को विफल कर दिया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तानी वायुसेना के 11 एयरबेस, एयर डिफेंस सिस्टम, कमांड और कंट्रोल सेंटर, और रडार स्थलों सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया। इस सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने शांति की अपील की, जिसके परिणामस्वरूप 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हुआ।

