निजी अस्पताल के अंदर पहुंचे बदमाश, बेड पर लेटे मरीज की गोली मारकर की हत्या

अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल के अंदर मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रात में वार्ड में घुसे दो बदमाशों ने बेड पर लेटे युवक के सिर में तमंचा सटाकर फायर कर दिया। और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल के भीतर मरीज की गोली मारकर हत्या कर देने से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाश वार्ड में घुसकर बेड पर लेटे युवक को निशाना बनाकर फरार हो गए। घटना के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों और तीमारदारों के बीच भगदड़ मच गई। जानकारी के अनुसार खैर क्षेत्र के गांव अहरौला के रहने वाले 32 वर्षीय वेदपाल करीब डेढ़ महीने पहले एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे। हादसे में उनका एक हाथ टूट गया था। सोमवार सुबह उन्हें मैरिस रोड स्थित रेणुका हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के दूसरे तल पर बेड नंबर 15 पर उनका इलाज चल रहा था।
सीधे वेदपाल के बेड तक पहुंचे और मार दी गोली
दोपहर करीब तीन बजे डॉक्टरों ने उनके हाथ का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद रात लगभग साढ़े नौ बजे उनके पिता और अन्य परिजन कुछ देर के लिए नीचे चले गए। इसी दौरान रात करीब दस बजे दो युवक वार्ड में दाखिल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर सीधे वेदपाल के बेड तक पहुंचे। और उनके सिर के पास तमंचा लगाकर गोली चला दी।
जब तक लोग कुछ समझ पाए तब तक बदमाश हुए फरार
वार्ड में मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले दोनों हमलावर वहां से भाग निकले। घटना के समय पास के बेड पर भर्ती सिकंदराराऊ के रहने वाले सुधीर ने बताया कि वह सो रहे थे। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी आंख खुली। उन्होंने देखा कि एक युवक के हाथ में तमंचा था और वह तेजी से बाहर की ओर भाग गया।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही क्वार्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


