BREKING NEWS
सड़क पर हो गई फिसलन,खाद्य तेल से भरा टैंकर डिवाइडर पर चढ़ा, तेल लूटने के लिए उमड़े ग्रामीण…

अजमेर। अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाटन क्षेत्र में खाद्य तेल से भरा एक टैंकर हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, टैंकर के आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रहे टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद टैंकर में लगे वाल्व से तेल का रिसाव शुरू हो गया।

तेल हाईवे पर फैलने से सड़क पर फिसलन हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी दौरान आसपास मौजूद कई लोग बाल्टियां और टीन लेकर पहुंच गए और रिस रहे तेल को भरने लगे। सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग के जीतराम और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। क्रेन की सहायता से टैंकर को सड़क से हटाया गया तथा फिसलन वाली जगह पर बालू-मिट्टी डालकर यातायात सुचारू कराया गया। हादसा होटल मेट्रो के सामने होना बताया जा रहा है।



