ओडिशा के पारादीप में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक व्यक्ति कार में ही जलकर मौत के मुंह में समा गया। यह घटना मंगलवार को पारादीप के विश्वाली पंचायत के पितांबरपुर इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। जानकारी के मुताबिक, OD05 AJ-8592 नंबर की आई-20 कार चलते-चलते अचानक सड़क पर रुक गई और काफी देर तक वहीं खड़ी रही। अचानक कार में आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
अचानक उठीं आग की लपटें
स्थानीय लोगों ने देखा कि कार से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक कार में बैठे व्यक्ति की झुलसकर मौत हो चुकी थी।
शव की पहचान जारी, जांच में जुटी पुलिस
आग की लपटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, और अंदर मौजूद व्यक्ति की भी झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग तकनीकी खराबी के कारण लगी या फिर इसके पीछे कोई साजिश थी। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, और पुलिस घटना के असली कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

