ईटानगर : AGMUT कैडर के 1995-बैच के IPS अधिकारी राजेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। उन्होंने एसडी सिंह जमवाल की जगह ली है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) से उनके मूल कैडर (AGMUT) में समय से पहले वापस भेजने की मंजूरी दे दी है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने गृह मंत्रालय के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत CRPF में विशेष DG के पद पर तैनात IPS अधिकारी राजेश कुमार (AGMUT: 1995) को तत्काल प्रभाव से उनके मूल कैडर (AGMUT) में वापस भेजा जाएगा।
राजेश कुमार के पास उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों, विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा अभियानों को संभालने का काफी अनुभव है। उन्होंने इस केंद्र शासित प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वह बारामूला क्षेत्र को कवर करने वाली ‘नॉर्थ कश्मीर रेंज’ के DIG रहे। जम्मू जोन के IGP और ‘स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप’ (SSG) के IG के पद भी राजेश कुमार ने काम किया है।
पुलवामा हमले के बाद बनाए गए थे CRPF IG
राजेश कुमार आईपीएस जम्मू-कश्मीर सुरक्षा ग्रिड से भी जुड़े रहे और उन्होंने संघर्ष तथा उग्रवाद-विरोधी अभियानों में व्यापक मैदानी अनुभव हासिल किया। राजेश कुमार मार्च 2018 के आसपास केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर महानिरीक्षक (IG) के रूप में CRPF में शामिल हुए। जून 2019 में, पुलवामा हमले के बाद, उन्हें कश्मीर में CRPF (ऑपरेशंस) का IG नियुक्त किया गया। सुरक्षा बलों के लिए उस संवेदनशील दौर में यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण पद था।

