मुंगेली। स्नैपचैट के माध्यम से अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें वायरल करने वाले आरोपी को मुंगेली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी आदर्श सिंह पीड़िता को डराने-धमकाने के लिए स्नैपचैट की बातचीत उसके परिवार वालों को भेजने की धमकी दे रहा था।
पीड़िता के परिजनों की ओर से 15 मार्च को दर्ज शिकायत में बताया गया कि उसकी भाभी के व्हाट्सएप नंबर पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया, जो पीड़िता की स्नैपचैट रिकॉर्डिंग थी। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि 8 मार्च 2023 से वह बैहरसरी निवासी आदर्श सिंह से स्नैपचैट और फोन पर बात करती थी। आरोपी ने उसे कपड़े उतारकर वीडियो कॉल करने को मजबूर किया और धमकी दी कि अगर उसने ऐसा नहीं किया, तो सारी बातचीत उसके घरवालों को भेज देगा।
डर के कारण अप्रैल और मई में पीड़िता ने वीडियो कॉल पर आपत्तिजनक दृश्य दिखाए, जिसे आदर्श ने स्क्रीन रिकॉर्ड कर अपने पास सेव कर लिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। मना करने पर उसने गाली-गलौज की और वीडियो को वायरल करने की धमकी दी। दो साल पहले दोनों की बातचीत बंद हो गई थी, लेकिन आरोपी ने पुराने वीडियो अब वायरल करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और साइबर सेल की मदद से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आदर्श ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके मोबाइल को जब्त कर लिया और उसे 8 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी की उम्र 23 वर्ष है और वह दाढ़ी थाना क्षेत्र के बैहरसरी, जिला बेमेतरा का रहने वाला है।

