दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम बेलौदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। देर रात एक नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने घर के बाहर बैठे एक ही परिवार के छह लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में आठ साल की बच्ची संतोषी निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 55 वर्षीय सरस्वती देशमुख ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। परिवार के अन्य चार घायल सदस्य जिला अस्पताल में इलाजरत हैं।
पुलिस के मुताबिक, गर्मी के कारण पीड़ित परिवार की महिलाएं और बच्चे खाना खाने के बाद घर के बाहर बैठे थे। उसी समय तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और सीधे उन्हें रौंदते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जांच में सामने आया है कि चालक नशे में था, जिससे वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन कर विरोध जताया और समय पर मदद न मिलने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि अगर घायलों को समय रहते सहायता मिलती, तो जानें बचाई जा सकती थीं। फिलहाल गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

