बीजापुर: माओवादियों के खिलाफ अभियान में डिहाइड्रेशन का शिकार हुए 40 से ज्यादा जवान
बीजापुर में माओवादी अभियान के दौरान भीषण गर्मी की वजह से 40 से ज्यादा जवान डिहाइड्रेशन का शिकार हो गए, जिन्हें सेना के हेलीकॉप्टर से तेलंगाना के भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब तक की कार्रवाई में तीन माओवादी मारे गए हैं, जबकि एक जवान घायल हुआ है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर माओवादियों के खिलाफ जारी अभियान के दौरान 40 से ज्यादा जवान डिहाइड्रेशन का शिकार हो गए। लगातार चार दिनों से भीषण गर्मी में माओवादियों से मोर्चा ले रहे इन जवानों को सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से तेलंगाना के भद्राचलम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक की कार्रवाई में तीन माओवादी मारे गए हैं, जबकि एक जवान घायल हुआ है।
भीषण गर्मी का कहर, लू की चेतावनी जारी
प्रदेश में लगातार तेज गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों तक हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।
बस्तर में बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण शनिवार से बस्तर संभाग में बारिश की शुरुआत हो सकती है, जिससे राज्य में गर्मी से आंशिक राहत मिलने के आसार हैं।
दुर्ग सबसे गर्म शहर
पिछले 24 घंटों में दुर्ग सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रायपुर में अधिकतम तापमान 43.7 और न्यूनतम 29.6 डिग्री, बिलासपुर में 43.2 और अंबिकापुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।