Dollar Vs Rupee: रुपया हुआ मजबूत, जानिए आज एक डॉलर की कीमत कितनी हुई
डॉलर इंडेक्स में गिरावट, 0.34% फिसलकर 98.67 पर पहुंचा; दो महीने पहले था 110 के करीब

भारतीय रुपया लगातार मजबूती की ओर अग्रसर है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे की तेज छलांग लगाई और 85.05 के स्तर पर पहुंच गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, डॉलर में कमजोरी, घरेलू शेयर बाजारों की मजबूती और विदेशी निवेश के बढ़ने से रुपये को सहारा मिला है। इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा सरकार को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए रिकॉर्ड 2.69 लाख करोड़ रुपये का डिविडेंड देने की घोषणा भी रुपये के लिए सकारात्मक साबित हुई।
अंतरबैंक बाजार में मजबूत शुरुआत
सोमवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 85.02 पर खुला और एक समय 84.98 तक मजबूत हो गया। अंत में यह 85.05 प्रति डॉलर पर स्थिर हुआ, जो पिछले कारोबारी दिन की तुलना में 40 पैसे की बढ़त दर्शाता है। शुक्रवार को रुपया 85.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
रुपये की मजबूती के पीछे ये हैं वजहें:
- भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना
- कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
- बेहतर मानसून की उम्मीद
- ऑपरेशन सिंदूर और रक्षा क्षेत्र में मजबूती
- महंगाई पर काबू और तेज होती GDP ग्रोथ
- विदेशी निवेशकों की सक्रियता
- डॉलर इंडेक्स में गिरावट (0.34% गिरकर 98.67 पर)
बाजार और तेल कीमतों में हलचल
बीएसई सेंसेक्स 630.68 अंकों की तेजी के साथ 82,351.76 पर और निफ्टी 187 अंकों की बढ़त के साथ 25,040.15 पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.32% बढ़कर 64.99 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
RBI का डिविडेंड और फॉरेक्स रिजर्व में हलचल
भारतीय रिजर्व बैंक ने सरकार को 2.69 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड डिविडेंड देने की घोषणा की है, जिससे सरकार के राजकोषीय संतुलन को मजबूती मिलेगी। हालांकि, RBI के मुताबिक, 16 मई को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 4.888 अरब डॉलर घटकर 685.729 अरब डॉलर रह गया है।


