जगदलपुर। प्रदेश में 30 मार्च 2026 तक माओवादियों के समूल सफाए के अभियान के तहत अबूझमाड़ के जंगलों में माओवादी प्रमुख बसव राजू के मारे जाने के बाद अब सुरक्षा बलों की नजर 15 शीर्ष माओवादी नेताओं पर है, जिन पर कुल मिलाकर 8.40 करोड़ रुपये का इनाम रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि इनमें से नौ माओवादी अभी भी बस्तर के जंगलों में सक्रिय हैं। सुरक्षा बलों को इनके ठिकानों और गतिविधियों की पूरी जानकारी है और अगर ये नेता आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापस नहीं लौटते हैं, तो इन्हें भी बसव राजू की तरह नष्ट कर दिया जाएगा।
सुरक्षा बलों की सूची में सबसे पहले पोलित ब्यूरो और सेंट्रल कमेटी के चार बड़े सदस्य शामिल हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम 1 करोड़ रुपये के इनामी मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति का है, जो 74 वर्ष के हैं और बसव राजू से पहले माओवादी संगठन के प्रमुख रह चुके हैं। वह वर्तमान में माओवादी केंद्रीय समिति के सलाहकार हैं। इसके बाद मल्लोजुला वेणुगोपाल उर्फ भूपति (सीआरबी सचिव), थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी (सीएमसी सदस्य) और मिशिर बेसरा उर्फ भास्कर (ईआरबी प्रभारी) भी इस सूची में हैं।
बस्तर के जंगलों में सक्रिय अन्य प्रमुख माओवादी नेताओं में डीकेएसजेडसी सचिव के. रामचंद्र रेड्डी उर्फ गुड़सा उसेंडी, कादरी सत्यनारायण रेड्डी उर्फ कोसा, तेलंगाना स्टेट कमेटी के सचिव पुल्लरी प्रसाद राव उर्फ चंद्रन्ना, दक्षिण बस्तर ब्यूरो डीएकेएमएस की सचिव सुजाता उर्फ कल्पना, बंटू लक्ष्मी उर्फ नरसिम्हा चालम और माड़वी हिड़मा शामिल हैं।
प्रदेश में डबल इंजन सरकार के शासनकाल में पिछले 16 महीनों में माओवादी विरोधी अभियान तेजी से आगे बढ़ा है। अब तक 200 से अधिक मुठभेड़ों में 420 माओवादी मारे जा चुके हैं, जबकि आत्मसमर्पण सहित कुल 448 माओवादियों की जान गई है। इनमें प्रमुख माओवादी बसव राजू और शंकर भी शामिल हैं। सुरक्षा बलों के अनुसार बस्तर में अब करीब 300 सशस्त्र माओवादी बचे हैं, जिनमें लगभग 25 शीर्ष नेता हैं। इसके साथ ही अब तक 1402 माओवादी गिरफ्तार हो चुके हैं और 1367 ने आत्मसमर्पण किया है।
बस्तर में 200 से अधिक अग्रिम परिचालन शिविरों की स्थापना से सुरक्षा बलों की पहुंच माओवादी ठिकानों तक हो पाई है। तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा के कर्रेगुट्टा पहाड़ी से लेकर अबूझमाड़ के अबूझ क्षेत्र तक सुरक्षा बल माओवादी ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे माओवादियों की ताकत कमजोर हो रही है।
15 शीर्ष माओवादी नेताओं की सूची और विवरण:
- मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति
उम्र: 74 वर्ष, जाति: वेलमा
निवासी: वीरपुर, करीमनगर, तेलंगाना
पद: केंद्रीय समिति सलाहकार
हथियार: AK-47
इनाम: 1 करोड़ रुपये - मल्लोजुला वेणुगोपाल उर्फ भूपति
उम्र: 69 वर्ष, जाति: तेलुगु ब्राह्मण
निवासी: पेद्दापल्ली, करीमनगर, तेलंगाना
पद: सचिव, सेंट्रल रिजनल ब्यूरो (सीआरबी) - थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी
उम्र: 61 वर्ष, जाति: हरिजन (मादीगा)
निवासी: आंबेडकर नगर, करीमनगर, तेलंगाना
पद: प्रभारी सेंट्रल मिलिट्री कमेटी (सीएमसी) - मिशिर बेसरा उर्फ भास्कर
उम्र: 62 वर्ष
निवासी: सनथल मधुनदी, गिरिडीह, झारखंड
पद: प्रभारी ईस्टर्न रिजनल ब्यूरो (ईआरबी) मिलिट्री
इनाम: 40 लाख रुपये - कादरी सत्यनारायण रेड्डी उर्फ कोसा
उम्र: 66 वर्ष, जाति: तेलुगु ब्राह्मण
निवासी: गोपालरावपल्ली, करीमनगर, तेलंगाना
पद: सचिव डीकेएसजेडसी सचिवालय - पुल्लरी प्रसाद राव उर्फ चंद्रन्ना
उम्र: 63 वर्ष, जाति: वेलमा
निवासी: वेडकापूर, करीमनगर, तेलंगाना
पद: सचिव तेलंगाना स्टेट कमेटी - मोडेम बालाकृष्णा उर्फ बालन्ना
उम्र: 60 वर्ष, जाति: गोंड
निवासी: मदीकोंडा, वारंगल, तेलंगाना
पद: प्रभारी ओडिशा स्टेट कमेटी - गणेश उईके उर्फ राजेश तिवारी उर्फ चमरू दादा
उम्र: 63 वर्ष, जाति: गोंड
निवासी: पुल्लेमला, नालगोंडा, तेलंगाना
पद: सचिव ओडिशा स्टेट कमेटी - अनल दा उर्फ तूफान दा
उम्र: 56 वर्ष
निवासी: झारावाली, गिरिडीह, झारखंड
पद: सचिव बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी - गजराला रवि उर्फ उदय
उम्र: 58 वर्ष, जाति: गोंड
निवासी: वेलीशाला थाना, वारंगल, तेलंगाना
पद: सचिव आंध्रा-ओडिशा बार्डर स्पेशल जोनल कमेटी (एओबीएसजेडसी) - सब्यसाची गोस्वामी उर्फ अजय दा
उम्र: 42 वर्ष
निवासी: पश्चिम बंगाल
पद: सचिव पश्चिम बंगाल एरिया स्पेशल कमेटी - कटटा रामचंद्र रेड्डी उर्फ गुड़सा उसेंडी
उम्र: 62 वर्ष
निवासी: करीमनगर, तेलंगाना
पद: सचिव डीकेएसजेडसी, प्रभारी उत्तर सबजोनल ब्यूरो - सुजाता उर्फ कल्पना
उम्र: 60 वर्ष
निवासी: महबूबनगर, तेलंगाना
पद: सचिव दक्षिण ब्यूरो डीएकेएमएस - नरसिम्हा चालम उर्फ सुधाकर
उम्र: 66 वर्ष, जाति: वेलामा
निवासी: आंध्रप्रदेश
पद: प्रभारी सेंट्रल रिजनल ब्यूरो (सीआरबी) - माड़वी हिड़मा उर्फ हिडमन्ना
उम्र: 45 वर्ष
निवासी: सुकमा, छत्तीसगढ़
पद: दक्षिण सबजोनल ब्यूरो सैनिक एवं संगठनात्मक कार्यकर्ता

