हाइलाइट्स
- बीजापुर में मुठभेड़ के दौरान 2 नक्सली ढेर।
- मुठभेड़ में डीआरजी के एक जवान ने वीरगति पाई।बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में माओवाद की पकड़ अब कमजोर होती जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बीते चार दशकों से माओवाद प्रभावित बीजापुर और सुकमा के दुर्गम इलाकों में सुरक्षा बलों की बढ़ती सक्रियता ने नक्सल संगठन को कमजोर कर दिया है। इसके बावजूद माओवादी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। हाल ही में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें डीआरजी का एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।
अब भी जारी है फायरिंग
बीजापुर और दंतेवाड़ा के सीमा क्षेत्र में गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत माओवादी विरोधी अभियान पर निकली सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम पर आज सुबह 7 बजे माओवादियों ने हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई, जो अब भी जारी है।
एक जवान ने दी शहादत
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने दो नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है। इस मुठभेड़ में बीजापुर डीआरजी का एक जवान शहीद हो गया। फिलहाल, क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और माओवादियों के खिलाफ अभियान जारी है।
