छत्तीसगढ़बिलासपुर

डैम में मस्ती बना मौत का कारण: दो लड़कियों और 3 दोस्तों के साथ पिकनिक पर गया जूनियर इंजीनियर, 12 घंटे बाद मिली लाश

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पिकनिक के दौरान हुआ हादसा, रेलवे जूनियर इंजीनियर की डैम में डूबने से मौत, 12 घंटे बाद मिला शव

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में कार्यरत जूनियर इंजीनियर सत्येंद्र सिंह कंवर की डैम में डूबने से मौत हो गई। वह अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने कोटा के घोंघा जलाशय स्थित कोरी डैम गया था। दोस्तों में तीन लड़के और दो लड़कियां शामिल थीं।

बताया गया कि दोपहर में सभी दोस्तों ने डैम में नहाया और बाहर आ गए, लेकिन शाम को सत्येंद्र कुछ दोस्तों के साथ फिर से पानी में उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कोटा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। देर शाम से लेकर रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार सुबह समाप्त हुआ जब सत्येंद्र का शव पानी में तैरता मिला। शव बरामद होते ही परिजनों को सूचित कर दिया गया।

बताया गया कि जिस डैम में यह हादसा हुआ, वहां सुरक्षा के कोई विशेष इंतजाम नहीं थे। इसके बावजूद सत्येंद्र गहरे पानी में चला गया, जो उसके लिए घातक साबित हुआ। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने कड़ी मेहनत के बाद शव को बाहर निकाला। सत्येंद्र अंबिकापुर का रहने वाला था और रेलवे में जूनियर इंजीनियर के तौर पर कार्यरत था।

Related Articles

Back to top button