मुख्य बिंदु:
- दंतेवाड़ा पुलिस ने इनामी महिला नक्सली के मारे जाने की पुष्टि की।
- मुठभेड़ स्थल से इंसास रायफल और विस्फोटक बरामद।
- छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी।
दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। 25 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली रेणुका उर्फ बानु को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। उसके पास से एक इंसास रायफल, गोला-बारूद और अन्य सामान बरामद किया गया। रेणुका कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रही थी।
बस्तर रेंज में इस साल अब तक विभिन्न मुठभेड़ों के दौरान 119 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। दंतेवाड़ा के थाना गीदम और बीजापुर के थाना भैरमगढ़ सरहदी क्षेत्र के नेलगोड़ा, एकेली और बेलनार में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बल की टीम रवाना हुई थी।
अभियान के दौरान सोमवार सुबह 9 बजे सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान सुरक्षा बलों ने महिला नक्सली को ढेर कर दिया। मौके से एक इंसास रायफल, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गईं।

प्रेस टीम की प्रभारी थी महिला नक्सली
मृत महिला नक्सली की पहचान रेणुका उर्फ बानु उर्फ चैते उर्फ सरस्वती के रूप में हुई है। वह जिला वारंगल, कडवेन्डी की निवासी थी और डीकेएसजेड (Dandakaranya Special Zonal Committee) की प्रेस टीम प्रभारी थी। उसकी रैंक एसजेडसीएम (Special Zonal Committee Member) के स्तर की थी।
