बॉलीवुड जगत से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। हिंदी सिनेमा के जाने-माने डायरेक्टर, स्क्रीनराइटर और प्रोड्यूसर संजय गुप्ता (Sanjay Gupta) का निधन हो गया है। उन्होंने 30 अक्टूबर, 2026 को अंतिम सांस ली। उनके निधन की वजह घर में गिरना और सिर में चोट लगना बताया जा रहा है जिसके बाद उनका निधन हो गया। इस अचानक हुई दुर्घटना और मौत की खबर के सामने आने के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में सन्नाटा पसर गया है और हर कोई हैरान हो रहा है।
फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 की उम्र में हुआ निधन
अभिनेता और क्रिटिक्स कमाल खान ने X हैंडल पर इस दुखद खबर को कन्फर्म करते हुए लिखा, “RIP संजय भाई। मुझे यकीन नहीं हो रहा कि आप चले गए। हम लगभग हर दूसरे दिन फिल्मों और बॉलीवुड के बारे में बात करते थे। आपको हर चीज़ के बारे में बहुत पता था। मैं तुमसे प्यार करता हूं संजय मैं तुम्हें हर दिन मिस करूंगा भाई।” वहीं, क्रिक्टिस सुमित कदल ने भी पोस्ट शेयर कर हैरानी जताई है।
संजय गुप्ता का बॉलीवुड में सफर बेहद शानदार और यादगार रहा है। अभिनेता संजय दत्त के साथ उनका कोलेबोरेशन हमेशा से काफी चर्चा में रहा। दोनों ने मिलकर ‘कांटे’ (2002), ‘मुसाफिर’ (2004), ‘जिंदा’ (2006) और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ (2007) जैसी धमाकेदार फिल्में दीं। इसके अलावा उन्होंने ‘शूटआउट एट वडाला’ (2013), ऐश्वर्या राय बच्चन स्टारर ‘जज्बा’ (2015), और ऋतिक रोशन-यामी गौतम की मुख्य भूमिका वाली ‘काबिल’ (2017) जैसी फिल्मों का निर्देशन करके अपनी अलग पहचान बनाई।
उनके अन्य डायरेक्टोरियल प्रोजेक्ट्स में एंथोलॉजी फिल्म ‘दस कहानियां’ (2007), ‘एसिड फैक्ट्री’ (2009) और जॉन अब्राहम-इमरान हाशमी स्टारर ‘मुंबई सागा’ (2021) शामिल हैं। साल 2001 में उन्होंने अपने प्रोडक्शन बैनर ‘व्हाइट फेदर फिल्म्स’ की शुरुआत की थी, जिसके तहत उन्होंने कई बेहतरीन फिल्मों को सपोर्ट किया। उनके हालिया प्रोजेक्ट्स में ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ (2024) और ‘विस्फोट’ (2024) जैसी फिल्में शामिल हैं। फिल्म निर्देशन में कदम रखने से पहले उन्होंने पोस्ट-प्रोडक्शन, साउंड डिजाइन में काम किया था और फेमस फिल्ममेकर पंकज पाराशर को ‘करमचंद’ और ‘जलवा’ जैसे प्रोजेक्ट्स में असिस्ट किया था।
सिनेमा जगत में शोक की लहर, फैंस दे रहे हैं श्रद्धांजलि
संजय गुप्ता के स्टाइलिश एक्शन सीक्वेंस, डार्क क्राइम थ्रिलर और शहरी कहानियों पर आधारित फिल्मों ने मेनस्ट्रीम हिंदी सिनेमा को एक नया रूप दिया था। उनके इस तरह अचानक दुनिया से चले जाने पर बॉलीवुड के तमाम कलाकारों, निर्देशकों और उनके चाहने वाले फैंस ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार श्रद्धांजलि दी जा रही है।

