GHMC ने 1.5 करोड़ रुपये के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स, जयललिता का हैदराबाद वाला बंगला सील

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में स्थित तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जे जयललिता के एक घर को बकाया प्रॉपर्टी टैक्स के चलते सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह बकाया कई सालों से पेंडिंग था। ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (GHMC) के अधिकारियों के अनुसार, जयललिता का निधन 2016 में हुआ था। उसके बाद से उनके कानूनी वारिसों को कई नोटिस जारी किए गए थे। इनमें उनसे टैक्स की रकम चुकाने को कहा गया था। हालांकि उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। मंगलवार को तय समय सीमा खत्म होने के बाद अधिकारी उस प्रॉपर्टी पर पहुंचे और उसे सील कर दिया।
GHMC ने क्या कहा?
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, GHMC के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर कॉलोनी स्थित यह प्रॉपर्टी 2017 से ही बकायादारों की सूची में थी और फरवरी में फिर से नए नोटिस जारी किए गए थे। सूत्रों के मुताबिक, यह घर पहले कारोबारी विजय माल्या को लीज पर दिया गया था। अधिकारियों का मानना है कि टैक्स का बकाया उसी दौरान से जमा होना शुरू हुआ था। GHMC कमिश्नर आरवी कर्णन ने बताया कि नगर निगम ने 31 मार्च से पहले प्रॉपर्टी टैक्स के सभी बड़े बकायादारों के खिलाफ एक अभियान शुरू किया है।
जयललिता की प्रॉपर्टी का कितना टैक्स था बकाया?
उन्होंने कहा कि हमने प्रॉपर्टी टैक्स के सभी बकायादारों को 31 मार्च से पहले अपना बकाया चुकाने के नोटिस जारी किए हैं। इसी प्रक्रिया के तहत जयललिता के कानूनी वारिसों के नाम पर दर्ज प्रॉपर्टी को भी नोटिस भेजा गया था। इस पर 1.5 करोड़ रुपये का बकाया है। हमने GHMC के दायरे में आने वाले उन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जिन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान नहीं किया है।
पूरे हैदराबाद में चल रहा अभियान
यह कार्रवाई GHMC की ओर से पूरे हैदराबाद में चलाए जा रहे एक बड़े अभियान का हिस्सा है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान न करने के चलते 100 से ज्यादा बड़ी रिहायशी और कमर्शियल प्रॉपर्टीज को सील किया गया है। इनमें होटल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, ऑफिस की इमारतें और शिक्षण संस्थान शामिल हैं, जिन पर करोड़ों रुपये का बकाया है। कई मामलों में प्रॉपर्टी सील होने के तुरंत बाद ही मालिकों ने अपना बकाया चुका दिया।
GHMC की सीमा के भीतर प्रॉपर्टी टैक्स का बकाया 1400 करोड़
अधिकारियों के अनुसार, GHMC की सीमा के भीतर प्रॉपर्टी टैक्स का बकाया 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है और यह लगभग 3.5 लाख प्रॉपर्टीज पर फैला हुआ है। GHMC और हैदराबाद के आसपास के अन्य नगर निकायों को मिलाकर कुल बकाया रकम का अनुमान 3,000 करोड़ रुपये से जयादा लगाया गया है।
अहम प्वाइंट
– GHMC ने हैदराबाद में जयललिता के घर को किया सील
– तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जयललिता का हैदराबाद में घर
– यह घर यूसुफगुडा में GHMC सर्कल-38 के अधिकार क्षेत्र में आने वाली श्रीनगर कॉलोनी में ग्राउंड प्लस चार मंजिला इमारत है
– यह संपत्ति जयललिता के नाम पर हाउस नंबर 8-3-1099/A (PTIN: 1100833474) के तहत रजिस्टर्ड है
-हा इस इमारत से जुड़ा प्रॉपर्टी टैक्स 2017 से बकाया है और उसका भुगतान नहीं किया गया है
– इस साल फरवरी में GHMC के डिप्टी कमिश्नर ने इमारत के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स के भुगतान की मांग करते हुए नोटिस जारी किए थे
– GHMC के नोटिस के बावजूद जयललिता की इमारत से जुड़े प्रतिनिधियों ने कोई जवाब नहीं दिया
– GHMC के कर्मचारियों ने AMC बलराज के नेतृत्व में इमारत को सील कर दिया।



