मुख्य बातें:
- MP-CG की ताजा खबरें
- मंडला एनकाउंटर का मुद्दा विधानसभा में गूंजेगा
- पत्रकार मुकेश चंद्राकर केस में बड़ा अपडेट
भोपाल: मध्य प्रदेश परिवहन विभाग के करोड़पति आरक्षक सौरभ शर्मा, चेतन गौर और शरद जायसवाल की न्यायिक हिरासत 29 मार्च तक बढ़ा दी गई है। लोकायुक्त विशेष न्यायाधीश ने यह फैसला सुनाया। सौरभ शर्मा को आरटीओ घोटाले में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल जांच एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में एसआईटी मंगलवार को कोर्ट में चार्जशीट पेश करेगी। 1 जनवरी 2025 की रात उनकी हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में दबा दिया गया था। 2 जनवरी को उनके भाई युकेश चंद्राकर ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 3 जनवरी की देर शाम मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर की चट्टानपारा स्थित संपत्ति से मुकेश की बॉडी बरामद हुई थी।
सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। 5 जनवरी को सुरेश चंद्राकर को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया। मामला गंगालूर से मिरतुर तक 100 करोड़ की लागत वाली सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार से जुड़ा है। रिपोर्टिंग से नाराज होकर सुरेश ने हत्या की साजिश रची थी। फिलहाल सभी आरोपी जेल में बंद हैं, और घटना स्थल सील कर दिया गया है।
MP News: विधानसभा में मंडला एनकाउंटर पर चर्चा
भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा में मंडला एनकाउंटर का मुद्दा जोर पकड़ रहा है। कांग्रेस विधायकों ने ध्यान आकर्षण प्रस्ताव लगाया है। विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, नारायण सिंह पट्टा और ओंकार सिंह मकराम इस मामले पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। कांग्रेस आदिवासी की हत्या को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
Chhattisgarh News: CM विष्णुदेव साय की पीएम मोदी से मुलाकात
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने नगर निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई दी और इसे भाजपा की नीतियों, सुशासन और जनता के भरोसे की जीत बताया।
MP News: EWS को लेकर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
जबलपुर हाईकोर्ट ने UPSC परीक्षाओं में EWS को आयुसीमा में छूट देने की मांग पर सभी 17 याचिकाओं को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि SC, ST और OBC की तरह EWS वर्ग को आयुसीमा में छूट देने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है।
Jabalpur News: लोन दिलाने के नाम पर ठगी
जबलपुर में 3 बैंकों में फर्जी खाते खोलकर करोड़ों के अवैध लेन-देन का मामला सामने आया है। गोरखपुर थाना क्षेत्र के संग्राम सिंह मरावी ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपियों ने 3 लाख रुपये के लोन का झांसा देकर उनके नाम पर खाते खुलवाए और धोखाधड़ी की।
MP News: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का बड़ा बयान
उमंग सिंघार ने कहा कि परिवहन घोटाले में केवल छोटी मछलियों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि बड़ी मछलियों को बचाया जा रहा है। कांग्रेस नेता गोविंद सिंह राजपूत और उनके सहयोगियों पर भी कार्रवाई की मांग कर रही है। इस मामले को लेकर लोकायुक्त और EOW से शिकायत की गई है।
Bhopal News: कांग्रेस विधायक पहुंचे EOW ऑफिस
सौरभ शर्मा घोटाले में कांग्रेस विधायक EOW ऑफिस पहुंचे और दस्तावेज सौंपकर कार्रवाई की मांग की। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत अन्य विधायकों ने EOW अधिकारियों से मुलाकात की।
इस तरह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति में घोटालों, हत्याओं और प्रशासनिक फैसलों को लेकर हलचल बनी हुई है।

