मुख्य समाचार

गुना में हवाला के नाम पर  पुलिस ने की व्यापारी से 20 लाख की वसूली! CM का एसपी को हटाने के निर्देश

मध्य प्रदेश के गुना में हवाला से जुड़े एक सनसनीखेज मामले ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गुजरात के एक जीरा व्यापारी से कथित तौर पर 20 लाख रुपये की अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है. मामले में एसपी को हटाने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं डीजीपी ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.

व्यापारी से 20 लाख रुपये में किया मामला ‘सेट’ 

जानकारी के मुताबिक, गुजरात का एक व्यापारी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी (GJ05 RK 9351) में करीब 1 करोड़ रुपये नकद लेकर जा रहा था. इसी दौरान वह NH-46 पर पगारा टोल प्लाजा के पास पहुंचा, जहां पुलिसकर्मियों ने उसकी गाड़ी रोक ली और उसे रूठियाई पुलिस चौकी ले जाया गया.

आरोप है कि पुलिस ने हवाला के नाम पर व्यापारी पर दबाव बनाया और 20 लाख रुपये में मामला ‘सेट’ कर लिया. इसके बाद कथित तौर पर धरनावदा पुलिस ने 1 करोड़ में से 20 लाख रुपये वसूल कर व्यापारी और उसकी गाड़ी को छोड़ दिया.

गुना एसपी ने आरोपी पुलिस को लगाई फटकार 

पुलिस की इस कार्रवाई का खुलासा तब हुआ जब व्यापारी ने गुजरात के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी से मामले कि शिकायत की. अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद मामला गुना एसपी तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस को फटकार लगाते हुए व्यापारी से वसूले गए 20 लाख रुपये वापस कराए गए.

गौरतलब है कि इससे पहले सिवनी में भी हवाला की रकम लूटने के मामले में पुलिस की किरकिरी हो चुकी है. ऐसे में गुना का यह मामला पुलिस की साख पर एक और बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है. अब जांच के बाद ही साफ होगा कि इस पूरे मामले में किन-किन जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है.

Related Articles

Back to top button