शिक्षिका की मौत का मामला नया मोड़ लेता हुआ, सामने आया कि पति ने पहले बोलेरो से स्कूटी को टक्कर मारी, फिर लोहे की रॉड से हमला किया।
जांच में खुलासा हुआ कि पति-पत्नी के रिश्ते तनावपूर्ण थे। पत्नी बच्चों के साथ दुर्ग में अलग रह रही थी, जिससे इंजीनियर शीशपाल नाराज था। उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची और उसकी दिनचर्या, रास्ते और समय का बारीकी से निरीक्षण कर वारदात को अंजाम दिया।

बालोद।
22 मार्च को मोहला ब्लॉक के शेरपार हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शिक्षिका बरखा वासनिक की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। यह घटना शुरू में एक सड़क हादसा मानी जा रही थी, लेकिन जांच में सामने आया कि यह एक योजनाबद्ध हत्या थी, जिसे किसी और ने नहीं बल्कि स्वयं उसके पति शीशपाल वासनिक ने अंजाम दिया था। पति ने अपने दोस्त याहुद्दीन के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना के दिन बरखा स्कूटी से स्कूल से लौट रही थी। तभी शीशपाल ने उसे बोलेरो से टक्कर मारने की कोशिश की और जब वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गई, तो सांसें चलते देख उसने लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। दल्लीराजहरा पुलिस ने शीशपाल को भिलाई के स्पर्श अस्पताल से गिरफ्तार किया, जबकि याहुद्दीन को साइबर टीम ने पकड़ा। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बोलेरो वाहन और लोहे की रॉड भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर रखा गया है और जल्द ही न्यायिक रिमांड पर भेजा जा सकता है।
हत्या की पहले से थी योजना, 3 माह से कर रहा था रेकी
बरखा की मौत के बाद शुरू में यह एक हादसा माना गया था। वह प्यून के साथ स्कूल से घर लौट रही थी, तभी हितकसा गांव के मंदिर के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। मौके पर ही बरखा की मौत हो गई थी जबकि प्यून गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
हालांकि, परिजनों को शुरुआत से ही शक था कि यह एक हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने लगातार पुलिस से लेकर एसपी कार्यालय तक गुहार लगाई, जिसके बाद मामले की गहराई से जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज, बोलेरो का नंबर और स्कूल के बच्चों के बयान के आधार पर पुलिस को हत्या का संदेह हुआ और मामले की दोबारा जांच की गई।
रिश्तों में दरार और हत्या की वजह
जांच में पता चला कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। बरखा अपने बच्चों को लेकर दुर्ग में अलग रह रही थी, जिससे शीशपाल नाराज था। वह एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर है और भिलाई के राधिका नगर में रहता है। तीन महीने से वह बरखा की दिनचर्या और आवाजाही पर नजर रख रहा था। उसी दौरान उसने हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दे डाला।
शादी, विवाद और तलाक की नौबत
बरखा की बहन प्रियंका डाहट ने बताया कि दोनों की शादी 28 अप्रैल 2016 को हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—एक आठ साल की बेटी और सात साल का बेटा। शादी के बाद से ही शीशपाल दहेज को लेकर बरखा को प्रताड़ित करता था। कई बार विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। एक बार मामला तलाक की अर्जी तक जा पहुंचा, जो बाद में आपसी सहमति से वापस ले ली गई।
प्रियंका के अनुसार, शीशपाल ने बरखा के नाम से भिलाई के चंद्रा मौर्या टॉकीज के सामने स्थित एचडीएफसी बैंक से 8 लाख रुपये का पर्सनल लोन भी लिया था, जिसकी किस्तें बरखा की सैलरी से कटती थीं। बरखा बार-बार उस लोन की अदायगी के लिए कहती थी, जिससे भी विवाद बढ़ता गया। जब भी घर में तनाव होता, बरखा अपने मायके दुर्ग चली जाती और बच्चों के साथ वहीं रहती थी।



