
बिलासपुर। दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने वाली युवती को अब आरोपी के परिजनों की ओर से जान से मारने की धमकी मिल रही है। पीड़िता ने बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में इसकी लिखित शिकायत दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी ऐश्वर्य कंवर जेल में बंद है।
रायपुर के अभनपुर क्षेत्र की रहने वाली यह युवती बिलासपुर में फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। वर्ष 2024 में उसकी ऑनलाइन बातचीत कोरबा निवासी ऐश्वर्य कंवर से हुई, जो उस समय लखनऊ के आईआईएम में पढ़ रहा था। बातचीत के दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीत लिया और मिलने का सिलसिला शुरू कर दिया।
जून 2024 में ऐश्वर्य बिलासपुर आया और एक होटल में युवती से शारीरिक संबंध बनाए। उसने छुपकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर उसका लगातार शोषण किया। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने इंकार कर दिया और बातचीत भी बंद कर दी।
इसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी के पिता, जो कोरबा कलेक्टोरेट में पदस्थ हैं, पहले भी केस न दर्ज करने के लिए दबाव बना चुके थे। अब आरोपी की बहन ने युवती के दोस्त को फोन करके धमकी दी है कि जेल से बाहर आते ही उसका भाई युवती को नहीं छोड़ेगा।



