दंतेवाड़ा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सभा और बस्तर पंडुम के समापन समारोह में शामिल होने आ रहे ग्रामीणों से भरा एक पिकअप वाहन पालनार के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चीख-पुकार मच गई और करीब 20 ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में दो महिलाओं के अंगूठे कटकर अलग हो गए। सभी घायलों को तुरंत कुआकोंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। सभी पीड़ित ग्रामीण पोटाली गांव के निवासी हैं।
इस घटना पर कांग्रेस नेत्री और जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ जुटाने के लिए ग्रामीणों को पिकअप वाहनों मेंぎभरकर लाया जा रहा था, जिससे हादसे जैसी घटनाएं हो रही हैं। तूलिका कर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर सिर्फ अपनी छवि चमकाने में लगी है, जबकि आम जनता की समस्याओं से उसका कोई लेना-देना नहीं है।

