अंबिकापुर: भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जिसने जापान को पीछे छोड़ते हुए यह अहम मुकाम हासिल किया है। इस उपलब्धि पर पूरे देश में खुशी का माहौल है, लेकिन इसके साथ ही सियासी विवाद भी तेज हो गए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने रविवार को कहा कि भले ही हम तीसरे या चौथे स्थान की बात करें, लेकिन अमेरिका में प्रति व्यक्ति वार्षिक आय लगभग 80 हजार डॉलर है, जबकि भारत में यह मात्र 2,500 डॉलर है।
टीएस सिंहदेव ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर बोलते नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि हमें यह देखना चाहिए कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में हम वास्तव में कहां खड़े हैं। उन्होंने पीएम मोदी के ‘मन की बात’ के संबोधन में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर यह संकल्प अब लिया जा रहा है, तो क्या मोदी जी ने पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री रहते हुए इसे गंभीरता से नहीं लिया था?
टीएस सिंहदेव ने कहा कि आतंकवाद को खत्म करने का संकल्प देश ने आजादी के समय से ही ले रखा है। देशवासियों ने समय-समय पर आतंकवाद और नक्सलवाद से लड़ाई लड़ी है और कई क्षेत्रों में सफलता भी हासिल की है, जिसका श्रेय उन शहीदों को जाता है जिन्होंने अपनी जान की आहुति दी।
बस्तर क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रयास दशकों से जारी है और आज इस क्षेत्र में विकास की गति बढ़ी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर कोई आज इस सफलता का श्रेय लेना चाहता है, तो यह उन शहीदों का अपमान होगा जिन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है।

