वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी की टिप्पणी ने लोकसभा में जोरदार हंगामा खड़ा कर दिया है। बीजेपी ने उनकी टिप्पणी को “संविधान का अपमान” बताते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की है। दरअसल, कांग्रेस की पार्लियामेंट्री पार्टी बैठक में सोनिया गांधी ने कहा था, “वक्फ संशोधन विधेयक 2024 को लोकसभा में प्रभावी रूप से जबरन पारित किया गया। हमारी पार्टी का रुख बिल्कुल स्पष्ट है—यह विधेयक संविधान पर बेशर्मी से किया गया हमला है। यह बीजेपी की समाज को स्थायी रूप से बांटने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।”
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा, “उनकी सरकार देश को रसातल की ओर धकेल रही है। अगर यही सिलसिला चलता रहा तो संविधान केवल कागज के टुकड़ों में सिमट कर रह जाएगा। इस सरकार का असली इरादा संविधान को खत्म करना है।”
बीजेपी ने इस बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कांग्रेस पर लोकतंत्र और संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है।

