उज्जैन: पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना और खुफिया एजेंसियां आतंकी संगठनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ा गया है। अब यह खुलासा हुआ है कि ज्योति मल्होत्रा लगभग एक साल पहले हिसार से उज्जैन तक का सफर कर चुकी है। इस दौरान उसने उज्जैन के धार्मिक स्थलों के वीडियो बनाए थे और कई लोगों से मुलाकात की थी, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के हिसार की रहने वाली ज्योति ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ट्रेवल विथ जो’ पर उज्जैन और इंदौर की यात्रा से जुड़े दो वीडियो भी अपलोड किए थे। एक वीडियो हिसार से उज्जैन तक का सफर दिखाता है, जबकि दूसरा इंदौर से दिल्ली तक की यात्रा का। हालांकि, इन वीडियो में ज्योति ने यात्रा की सामान्य जानकारी तो दी है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उसने किन जगहों का दौरा किया, किन लोगों से मिली और कहां रुकी। हैरानी की बात यह है कि एक ट्रैवल ब्लॉगर होते हुए ज्योति ने उज्जैन और इंदौर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का वीडियो साझा नहीं किया, हालांकि उसने महाकाल मंदिर की एक क्लिप जरूर डाली है।
अब उज्जैन पुलिस की एक टीम मंगलवार को हिसार जाएगी और ज्योति से पूछताछ करेगी। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने इस बात की पुष्टि की है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ज्योति का पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संपर्क हुआ था। उज्जैन हमेशा हाई अलर्ट पर रहता है, क्योंकि महाकालेश्वर मंदिर को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। इसके अलावा, उज्जैन को सिमी का सबसे बड़ा आतंकी गढ़ माना जाता है, जहां से सफदर नागौरी और आमीन परवेज जैसे आतंकवादी भी संबंध रखते हैं।

