LoC पर भारतीय सेना के पराक्रम का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें पाकिस्तानी ठिकानों पर सटीक और प्रचंड हमले दिखाए गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के तहत लीपा वैली और आरसी कॉम्पलेक्स में भारतीय सेना ने आतंकवादियों के अड्डों को निशाना बनाया। जब भारतीय तोपखाने और एंटी टैंक गाइडेड मिसाइलों ने दुश्मन के पोस्टों पर बम बरसाना शुरू किया, तो एक-एक करके पाकिस्तानी ठिकाने तबाह होते गए और वहां मौजूद आतंकवादी मौके से भाग खड़े हुए।
आरसी कॉम्पलेक्स के लांगर पोस्ट पर भी एंटी टैंक मिसाइलों से प्रहार किया गया, जिससे दुश्मन के कई पोस्ट पूरी तरह बर्बाद हो गए। 8 और 9 मई को हुए इन हमलों में पाकिस्तान के सैनिकों के पास भारतीय सेना के अचूक हमले का कोई जवाब नहीं था। दो दिनों तक पाकिस्तानी ठिकानों की धज्जियां उड़ती रहीं।
लीपा वैली में भारतीय सेना की तोपों ने भी आतंकियों के अड्डों पर कहर बरपाया। पुंछ के आसपास के इलाकों में स्थित आतंकवादी अड्डे ध्वस्त किए गए। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने न केवल आतंकियों को निशाना बनाया, बल्कि पूरे इलाके में अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज कराई। यह साफ संकेत है कि पहलगाम आतंकी हमले का भारत ने अपने कठोर और प्रभावी जवाब से आतंकवादियों और उनके आकाओं को सबक सिखाया है।

