पुंछ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पुंछ पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने निर्दोष नागरिकों और हमारे धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया, जिससे कई लोग हताहत हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुआवजा या सरकारी सहायता से इस क्षति की भरपाई संभव नहीं, लेकिन जम्मू-कश्मीर सरकार, केंद्र सरकार और पूरे देश की जनता आपके साथ खड़ी है।
अमित शाह ने कहा कि पुंछ के नागरिकों और अधिकारियों के देशभक्ति के जज्बे ने पूरे देश को साहस दिया है। उन्होंने बताया कि पहलगाम में हुए कायराना हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 7 तारीख को पीओके और पाकिस्तान में आतंकवादी अड्डों को निशाना बनाकर सटीक और कड़ा जवाब दिया, जिसमें सैकड़ों आतंकवादी मारे गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई में किसी पाकिस्तानी नागरिक या सेना को नुकसान नहीं पहुंचाया गया, लेकिन पाकिस्तान ने इसे अपने ऊपर हमला मानकर पुंछ और अन्य क्षेत्रों में रिहायशी इलाकों में गोलीबारी की, जिससे भारी नुकसान हुआ।
अमित शाह ने कहा कि भारत किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या हमला बर्दाश्त नहीं करेगा और अपनी सुरक्षा नीति को दृढ़ता से लागू करेगा। उन्होंने पुंछ में हुए नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने प्रभावितों को सहायता दी है और केंद्र सरकार जल्द ही व्यापारिक इलाकों के लिए आर्थिक पैकेज लेकर आएगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की जनता को आश्वस्त किया कि राज्य का विकास लगातार जारी रहेगा और 2014 के बाद की प्रगति इसी तरह आगे बढ़ती रहेगी।

