छत्तीसगढ़बिलासपुर

CG News: गर्मी की छुट्टियों में गांव आए दो भाइयों की करंट लगने से मौत, कूलर चालू करते वक्त हुआ हादसा

बिल्हा थाना क्षेत्र के बरतोरी गांव में बड़ी मम्मी के घर गर्मी की छुट्टियों में आए दो मासूमों की कूलर में करंट लगने से मौत, कूलर चालू करते समय हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस ने शॉर्ट-सर्किट की जताई आशंका।

बिलासपुर। गर्मी की छुट्टियों में बड़ी मम्मी के घर आए दो मासूम भाइयों की कूलर में करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही उन्होंने कूलर चालू किया, करंट की चपेट में आकर दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना बिल्हा थाना क्षेत्र के बरतोरी गांव की है।

कवर्धा जिले के श्रृंगारपुर निवासी गीतू जायसवाल (14) और राजू जायसवाल (13) अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने बरतोरी गांव में बड़ी मम्मी के घर आए थे। तेज गर्मी से राहत पाने के लिए दोनों ने कूलर चालू करने की कोशिश की, लेकिन कूलर में पहले से ही करंट दौड़ रहा था। करंट की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के वक्त घर में अन्य परिजन मौजूद नहीं थे। घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

परिजनों को सौंपे गए शव
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। कूलर में करंट प्रवाहित होने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट-सर्किट की आशंका जताई गई है और तकनीकी टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button