राजनीतिराष्ट्रीय

वक्फ बिल पर चर्चा के दौरान कहां थीं प्रियंका गांधी? भाजपा ने उठाए सवाल, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस के व्हिप के बावजूद वक्फ संशोधन बिल के दिन प्रियंका गांधी संसद में मौजूद नहीं थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुसलमानों को समर्थन की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब गांधी परिवार और कांग्रेस ने उनका साथ नहीं दिया।

भाजपा ने शनिवार को वक्फ (संशोधन) विधेयक पर लोकसभा में मतदान के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा की अनुपस्थिति और बहस के दौरान राहुल गांधी की चुप्पी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस और गांधी परिवार के लिए मुस्लिम समुदाय केवल एक राजनीतिक सुविधा मात्र हैं।

मालवीय ने कहा कि कांग्रेस के व्हिप के बावजूद प्रियंका गांधी उस दिन संसद से नदारद रहीं, जब वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता और मुस्लिमों के कथित हितैषी राहुल गांधी के पास पूरा समय था, फिर भी उन्होंने विधेयक पर बोलने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को यह याद रखना चाहिए कि जब मुस्लिम समुदाय को सबसे अधिक जरूरत थी, तब गांधी परिवार और कांग्रेस ने उनका साथ नहीं दिया। मालवीय ने यह भी जोड़ा कि दोनों सदनों में लंबी बहस के बाद वक्फ (संशोधन) विधेयक पारित हुआ, जबकि विपक्षी दल एकजुट होकर इसका विरोध कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button